
नई दिल्ली:
दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर ग्रैप-3 लागू कर दिया गया है. दिल्ली में शनिवार को कई जगह एक्यूआई लेवल 400 के पार दर्ज किया गया. पूरे दिल्ली-एनसीआर पर स्मॉग की चादर नजर आई. कम हवा की रफ़्तार, स्थिर वायुमंडलीय स्थिति और प्रतिकूल मौसम को AQI बढ़ने की मुख्य वजह बताया गया. ऐसे में लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की समस्या होने लगी.
ये है दिल्ली-NCR हाल
- दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ने के चलते AQI 401 तक पहुंचा, जो Severe श्रेणी में आता है.
- 12 दिसंबर को शाम 4 बजे AQI 349 था, जो रातभर तेज़ी से बढ़ते हुए 13 दिसंबर सुबह 10 बजे 401 दर्ज किया गया.
- कम हवा की रफ़्तार, स्थिर वायुमंडलीय स्थिति और प्रतिकूल मौसम को AQI बढ़ने की मुख्य वजह बताया गया.
- हालात को और बिगड़ने से रोकने के लिए CAQM की GRAP उप-समिति ने GRAP स्टेज-3 लागू करने का फ़ैसला लिया.
- GRAP-3 के सभी प्रतिबंध पूरे दिल्ली-NCR में तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं.
दिल्ली की हवा फिर बेहद खराब
दिल्ली में शनिवार सुबह धुंध की मोटी चादर छाई रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक 397 के साथ गंभीर श्रेणी के करीब पहुंच गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली में कुल निगरानी स्टेशन में से 21 में एक्यूआई 400 से अधिक दर्ज किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है. सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार एक्यूआई वजीरपुर में सबसे अधिक 445, विवेक विहार में 444, जहांगीरपुरी में 442, आनंद विहार में 439 और अशोक विहार व रोहिणी दोनों जगह 437 दर्ज किया गया है.
आंकड़ों के मुताबिक, एक्यूआई नरेला में 432, पटपड़गंज में 431, मुंडका में 430 और बवाना, आईटीओ एवं नेहरू नगर में 429 दर्ज किया गया. सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, चांदनी चौक और पंजाबी बाग में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 423 दर्ज किया गया, जबकि सिरी फोर्ट और सोनिया विहार में यह 424 रहा. सीपीसीबी ने बताया कि बुराड़ी क्रॉसिंग में एक्यूआई 414 दर्ज हुआ, इसके बाद कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 409, नॉर्थ कैंपस और आरके पुरम में 408-408 तथा ओखला फेज-2 में 404 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया.
आनेवाले दिनों में भी राहत की उम्मीद नहीं
एक्यूआई लेवल को लेकर दी गई पूर्व चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार तक ‘अत्यंत खराब’ श्रेणी में रहने की आशंका है. अगले छह दिनों के पूर्वानुमान में भी वायु गुणवत्ता के बहुत खराब श्रेणी में रहने की आशंका जताई गई है. वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली’ के अनुसार, शनिवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बने रहने का पूर्वानुमान है तथा इसके और बिगड़ने के आसार हैं, जिससे रविवार को हालात ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच सकते हैं.
