नई दिल्ली:
भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हम हई जेठानी’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है. ट्रेलर पारिवारिक होने के साथ-साथ घर में संपत्ति के लिए हो रही साजिश को भी दिखाता है. एक्ट्रेस का रोल फिल्म में बहुत मार्मिक है. ट्रेलर रिलीज होने के बाद फैंस खुद को तारीफ करने से नहीं रोक पा रहे हैं और फिल्म की जल्दी रिलीज की डिमांड कर रहे हैं. एक्ट्रेस रानी चटर्जी की फिल्म ‘हम हई जेठानी’ का ट्रेलर ‘बीफॉरयू भोजपुरी’ पर रिलीज हो चुका है. ट्रेलर की शुरुआत में रानी चटर्जी यानी कात्यायनी का हंसता-खेलता परिवार दिखाया गया है, जिसमें उनके दो देवर और दो देवरानी मिलकर कात्यायनी की सेवा कर रही हैं.
कात्यायनी को बच्चे होने में परेशानी हो रही है लेकिन वो अपनी देवरानी के बच्चों को अपने बच्चों की तरह पालती है लेकिन कात्यायनी को इस बात से अनजान है कि उसके दोनों देवर मिलकर सिर्फ संपत्ति के लिए उनकी सेवा कर रहे हैं. स्टोरी में ट्विस्ट तब आता है, जब कात्यायनी खुद मां बनने वाली है और अपने भतीजे को भी अपने साथ रहने के लिए बुला लेती है. अब घर के हर सदस्य का असली रूप सामने आने लगता है.
ट्रेलर की शुरुआत में परिवार का प्यार देखकर चेहरे पर मुस्कान आ जाएगी, लेकिन आखिर में आप रोने के लिए भी मजबूर हो जाएंगे. ट्रेलर फैंस को भी पसंद आ रहा है. एक यूजर ने तारीफ कर लिखा, “हर परिवार में ऐसा ही होता है, रिश्ते संपत्ति के लालची और दिखावट के हो चुके हैं.” एक अन्य यूजर ने लिखा, “आपकी फिल्म आज की सच्चाई को दिखाती है रानी जी, ऐसी ही फिल्में आती रहें.”
