Rani Chatterjee New Bhojpuri Film: भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री रानी चटर्जी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने जा रही हैं. उनकी बहुप्रतीक्षित एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘गैंगस्टर इन बिहार’ का नया पोस्टर सोमवार को जारी किया गया. इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया. अभिनेता प्रवेश लाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्टर साझा करते हुए बताया कि फिल्म का ट्रेलर 8 अक्टूबर को सुबह 8 बजे रिलीज होगा.
पोस्टर में रानी चटर्जी का लुक बेहद दमदार दिखाई दे रहा है. उनके चेहरे पर कड़क और सख्त हाव-भाव हैं, जो उनके सामान्य ग्लैमरस अवतार से बिल्कुल अलग हैं. दर्शकों को यह अंदाज काफी पसंद आ रहा है और वे कयास लगा रहे हैं कि अभिनेत्री फिल्म में एक गैंगस्टर की भूमिका निभा सकती हैं.
पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा, “रानी मैम, यह लुक तो बड़ा गजब का है.” दूसरे फैन ने उन्हें “बिहार की लेडी सिंघम” बताया, जबकि किसी ने कहा कि पोस्टर देखकर ही “रोंगटे खड़े हो गए.” रानी चटर्जी ने खुद भी इंस्टाग्राम स्टोरीज में पोस्ट शेयर कर प्रशंसकों से 8 अक्टूबर को ट्रेलर देखने की अपील की.
‘गैंगस्टर इन बिहार’ को राम शर्मा फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया जा रहा है. इस फिल्म के निर्माता एनआरआई राम शर्मा हैं. रानी चटर्जी के साथ-साथ इसमें प्रवेश लाल यादव, प्रमोद प्रेमी यादव, राखी मिश्रा और संजय पांडे जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे.
रानी चटर्जी के पास इस साल कई प्रोजेक्ट्स रहे हैं. उनकी फिल्में ‘प्रिया ब्यूटी पार्लर’, ‘घमंडी बहू’, और ‘चुगलखोर बहुरिया’ पहले ही रिलीज हो चुकी हैं. इसके अलावा उनकी एक और फिल्म ‘अम्मा’ भी दर्शकों के बीच आ चुकी है. अब जल्द ही उनकी नई फिल्म ‘परिणय सूत्र’ रिलीज होने वाली है, जिसकी शूटिंग और डबिंग पूरी हो चुकी है.
इनपुट- आईएएनएस
